स्वास्थ्य मित्र बनेंगे जागरूकता सारथी-जिले में मास्टर ट्रेनरों को मिला प्रशिक्षण, जल्द ब्लॉकस्तर पर होंगे प्रशिक्षण

श्रीगंगानगर( नरेश पारीक) राज्य सहित जिले में स्वास्थ्य मित्रों का चयन कर अब उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। विभाग की ओर से जिलास्तर से मास्टर ट्रेनरों का चयन किया गया है, वहीं ब्लॉकस्तर पर भी ट्रेनर तैयार किए गए हैं ताकि वे स्वास्थ्य मित्रों को प्रशिक्षण दे सकें। शनिवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि आमजन में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता लाने के लिए प्रत्येक राजस्व गांव से एक महिला व एक पुरुष का चयन बतौर स्वास्थ्य मित्र कर लिया गया है। सभी स्वास्थ्य मित्रों का इसी माह में प्रशिक्षण करवाकर उन्हें दायित्व सौंपा जाएगा। सीएमएचओ डॉ. गिरधारी मेहरड़ा ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य मित्रों के चयन व प्रशिक्षण को लेकर प्रारंभिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. करन आर्य को प्रभारी बनाया गया है जबकि डॉ. सुशील चोटिया, सीओआईईसी विनोद बिश्रोई व डीएसी रायसिंह सहारण को मास्टर ट्रेनर नियुक्त किया गया है, जिनका प्रशिक्षण हो चुका है। अब आगामी सप्ताह में बैठक व प्रशिक्षण प्लान तैयार कर सभी स्वास्थ्य मित्रों को राज्यस्तर से प्राप्त होने वाली आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके साथ ही प्रशिक्षण देकर इसी माह से उन्हें उनका दायित्व सौंपा जाएगा और वे सामाजिक सेवा के साथ आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगे। वहीं मुख्य रूप से वर्तमान में कोरोना की रोकथाम को लेकर वे अहम भूमिका निभाएंगे। निश्चित ही स्वास्थ्य मित्र विभाग की अहम कड़ी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मित्रों के सहयोग से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनेगा, जो कि ‘निरोगी राजस्थान’ के लिए एक मजबूत कदम साबित होगा।