एक और पॉजिटिव आया, अब तक 71 पॉजिटिव-मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग बेहद जरूरी, लापरवाही पड़ सकती है भारी

श्रीगंगानगर ( नरेश पारीक) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लापरवाही बरती गई तो भारी पड़ सकती है। इसलिए जरूरी है कि आमजन सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करें, मास्क लगाएं एवं बार-बार हाथ धोते रहें। यह चेतावनी विभाग ने लगातार आ रहे पॉजिटिव मरीजों और आमजन द्वारा बरती जा रही लापरवाही के चलते जारी की है।
सीएमएचओ डॉ. गिरधारी मेहरड़ा ने बताया कि शनिवार को वार्ड नंबर दो में एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज आया है। यह महिला अपने पति के साथ नौ जुलाई को बिहार के छबड़ा से वापिस लौटी और यहां उसका विभाग ने सैंपल लेकर उसे होम क्वारेंटाइन कर दिया। शनिवार को वह पॉजिटिव आई, जिसके बाद विभागीय टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पॉजिटिव मरीज को जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं उसके संपर्क में आए उसके चार परिजनों को संस्थागत क्वारेंटाइन में भेजा गया है, जिनका फिर से सैंपल लिया जाएगा। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. करन आर्य के नेतृत्व में डॉ. सोनालिका सारस्वत, सीओआईईसी विनोद बिश्रोई, डीपीएम नकुल शेखावत, पीएचएम आशीष शर्मा व अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौके पर पहुंचे एवं आवश्यक गतिविधयां की। पार्षद अनूप बाजवा का सराहनीय योगदान रहा। पीएमओ डॉ. केएस कामरा ने बताया कि जिले में अब तक 8451 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। शनिवार को 188 लोगों के सैंपल लिए गए। उन्होंने बताया कि आईसोलेशन वार्ड में 58 लोगों को रखा गया है।