नोहर। नोहर विधायक अमित चाचाण ने सोमवार को राजस्थान के मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा से मुलाकात कर नोहर फीडर में हरियाणा की ओर से प्रस्तावित दूषित ड्रेनेज जल छोड़े जाने के मामले से अवगत कराया। विधायक ने कहा कि हरियाणा सरकार ने बिना आवश्यक अनुमति के लिफ्ट परियोजना का निर्माण कर लिया है, जिससे क्षेत्र के किसानों और आमजन में भारी रोष व्याप्त है।
विधायक अमित चाचाण ने मुख्य सचिव को बताया कि यदि नोहर फीडर में दूषित पानी छोड़ा गया तो इससे क्षेत्र के पेयजल, सिंचाई व्यवस्था और पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है और सरकार से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल तलब की। विधायक ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाएगी और नोहर फीडर में दूषित पानी छोड़े जाने की किसी भी कोशिश को रोकेगी।

