गोरखाना हत्या मामले में खुइयां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार नोहर| खुइयां थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज पांच घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीणा के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार 16 मई को गोरखाना निवासी सुखराम पुत्र आदूराम नायक ने खुइयां थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके पुत्र सुभाष की बलवंत उर्फ बल्ला पुत्र कृष्ण कुमार जाट तथा राजेश पुत्र हरिराम नायक निवासी गोरखाना ने शराब के विवाद को लेकर मारपीट कर हत्या कर दी। इस पर पुलिस ने हत्या सहित एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। इसके बाद वृत्ताधिकारी नोहर सुभाष चंद्र पुनिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बलवंत उर्फ बल्ला और राजेश को मामला दर्ज होने के मात्र पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी राधेश्याम, एएसआई ग्यारसीलाल, कांस्टेबल बजरंगलाल, नेमीचंद एवं मांगीलाल की विशेष भूमिका रही।
एसपी ने गोरखाना में घटनास्थल का दौरा किया
जिले के खुइयां थाना क्षेत्र के गोरखाना गांव में हुए हत्या प्रकरण के बाद एसपी नरेन्द्र सिंह मीना ने शनिवार को घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मामले की जांच से जुड़े अधिकारियों को निष्पक्ष एवं त्वरित अनुसंधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट ली और मामले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। घटनास्थल निरीक्षण के बाद एसपी मीणा ने थाना खुइयां का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने थाने के नवनिर्मित भवन, विभिन्न कक्षों, बैरक एवं परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने थाने में उपलब्ध संसाधनों और निर्माण कार्य की स्थिति का भी अवलोकन किया।