पत्रकार पर हमले की साजिश का खुलासा : फैक्ट्री मालिक व साथी गिरफ्तार, सात लाख में दी थी सुपारी
सोशल मीडिया पत्रकार मांगीलाल नायक व उसके परिवार पर हुए जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में साजिशकर्ता दो जनों को गिरफ्तार किया है। हालांकि हमलावर अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। कार्यवाहक सीओ संजीव कटेवा ने नोहर पुलिस थाना में पत्रकार वार्ता आयोजित कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मांगीलाल नायक के पर्चा बयान के आधार पर इस मामले में अज्ञात जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद पुलिस की अलग-अलग 6 टीमें जांच में जुटी हुई थी। जिसके बाद कड़ी से कड़ी जोड़कर मामले का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि हमले में शामिल लोगों की पहचान करली गई है। जिनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की टीम निरंतर छापेमारी कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में बुधवालिया गांव निवासी जयप्रकाश जोशी व उसका साथी नीमला गांव निवासी रवि कासनियां को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि जयप्रकाश जोशी की
क्षेत्र में पनीर, मावा आदि की फैक्ट्री है।
खुलासा. गलत खबर व शिकायत को रोकने के लिए एक लाख रुपए सालाना मांग कर फैक्ट्री मालिक को कर रहा था प्रताड़ित, तब बनाई हमले की योजना
डीवाईएसपी ने बताया कि प्रारम्भिक पूछताछ में जयप्रकाश ने पुलिस को बताया कि मांगीलाल नायक ने कृष्णा मिल्क के नाम से उसकी फैक्ट्री की शिकायत की थी। ये शिकायत बार-बार की जा रही थी। फैक्ट्री मालिक से फैक्ट्री में उत्पाद होने वाले उत्पादों को लेकर गलत खबर व शिकायत को रोकने के लिए एक लाख रुपए सालाना मांगे जा रहे थे। जिससे फैक्ट्री संचालक जयप्रकाश मानसिक रूप से परेशान था। बार-बार हो रही शिकायत की बात उसने अपने साथी नीमला निवासी रवि कासनियां को बताई। जिस पर दोनों ने मिलकर एक योजना को अंजाम दिया। जयप्रकाश व रवि ने गगनदीप उर्फ गोल्डी नायक से मिलकर हमले की सुपारी दी। सात लाख रुपए की सुपारी देने का सौदा तय हुआ। इसमें साढ़े तीन लाख रुपए पहले दिए जा चुके थे। जबकि बाकी बचे साढ़े तीन लाख रुपए बाद में देने थे। गगनदीप उर्फ गोल्डी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मांगीलाल व उसके परिवार पर हमला किया।
थाने के आगे चल रहा धरना समाप्त: डीवाईएसपी संजीव कटेवा ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीमें निरंतर छापेमारी कर रही है। पूरे मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा रही है। हमले के बाद हमलावर काफी दूर निकल गए। पुलिस उनके पीछे लगी हुई है। उधर, मामले का खुलासा होने पर नोहर पुलिस थाना के आगे चल रहा धरना समाप्त हो गया। हमले में घायल मांगीलाल की पत्नी नीतू व उसकी साली नीशू को उप जिला चिकित्सालय में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि मांगीलाल नायक का सिरसा में उपचार जारी है। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। मामले का खुलासा होने के बाद यह पूरा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

