नोहर। पत्रकार मांगीलाल नायक व उनके परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार देर रात्रि की यहां साहवा बाइपास के समीप की है। घटना में मांगीलाल नायक व उनकी पत्नी और साली घायल हो गए। मांगीलाल की हालत गंभीर होने के कारण उसे सिरसा रेफर किया गया।
जहां इलाज चल रहा है। वहीं पत्नी व साली का नोहर सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। शनिवार रात नोहर के साहवा बाइपास के समीप मांगीलाल के घर में अज्ञात जने घुसे, घुसे, धारदार हथियार व लाठियों से हमला कर दिया। घटना रात करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है। हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से मांगीलाल व उसके परिवार पर हमला किया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सिस्सा में उपचाराधीन मांगीलाल नायक के पर्चा बयान के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह भीम आर्मी, विभिन्न पत्रकार संगठन व अनेक राजनैतिक संगठनों से जुड़े नेता पुलिस थाना पहुंचे। भीम आर्मी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाना के आगे नारेबाजी की। उनका कहना था कि घटना के बाद अभी तक किसी भी हमलावर को गिरफ्तार नहीं किया गया है। जिससे रोष है।
आर्मी के जिलाध्यक्ष आलोक बिबान ने बताया कि मामले में हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 25 अगस्त सुबह दस बजे नोहर पुलिस थाना के घेराव किया जाएगा। थाना प्रभारी ईश्वरानंद शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है। उधर घटना की जानकारी मिलने पर नोहर विधायक अमित चाचाण उप जिला चिकित्सालय पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक घटना की निंदा करते हुए पुलिस के उच्च अधिकारियों से बात कर अविलंब हमलावरों की गिरफ्तारी की बात कही। पंचायत समिति प्रधान सोहन, डिल, माकपा नेता मंगेज चौधरी ने पुलिस थाना पहुंचकर घटना को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए आन्दोलन का समर्थन करने की घोषणा की।
पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया, मदरसा बोर्ड की पूर्व चेयरमैन मेहरुनिशा टाक ने भी घटना की निंदा करते हुए हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की बात कही। वहीं क्षेत्र के अनेक पत्रकार संगठनों ने भी घटना की पुरजोर निंदा की है। सोमवार को सुबह दस बजे यहां सेन धर्मशाला में पत्रकारों की होने वाली बैठक में आन्दोलन रणनीति पर चर्चा की जायेगी।

