अंता उपचुनाव: भाजपा ने की चुनाव समिति की घोषणा, वसुंधरा राजे टीम को मिली जिम्मेदारी
अंता उपचुनाव: भाजपा ने की चुनाव समिति की घोषणा, वसुंधरा राजे टीम को मिली जिम्मेदारी
अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने चुनाव समिति की घोषणा कर दी है. सांसद दुष्यंत सिंह को प्रभारी बनाया गया है.
जयपुर: अंता विधानसभा उपचुनाव में राजनीतिक रंग जमने लगा है. भाजपा और कांग्रेस के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनावी माहौल के बीच अपनी दावेदारी मजबूत कर रखी है. इस बीच शुक्रवार को भाजपा ने चुनाव समिति की घोषणा कर दी है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के समर्थकों को मजबूत जगह मिली है. झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह को चुनाव प्रभारी बनाया गया है.
प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे और झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह को चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. जबकि संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल को चुनाव प्रभारी मंत्री बनाया गया है. श्रीचंद कृपलानी और छगन माहुर को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है.
गोठवाल ने बताया कि समिति के अन्य सदस्यों में नरेश सिकरवार (जिलाध्यक्ष, बारां), महेन्द्र कुमावत (प्रदेश मंत्री), राजेन्द्र गहलोत (सांसद, राज्यसभा), मंजू बाघमार (राज्य मंत्री), राधेश्याम बैरवा (विधायक, बारां अटरू), सुरेश धाकड़ (विधायक, बेगू), विश्वनाथ मेघवाल (विधायक, खाजूवाला), अनिता भदेल (विधायक, अजमेर), प्रताप सिंह सिंघवी (विधायक, छबड़ा), चन्द्रभान सिंह आक्या (विधायक, चित्तौडगढ़), ललित मीणा (विधायक, किशनगंज), बनवारी लाल सिंघल (पूर्व विधायक) और तुलसीराम धाकड़ (वरिष्ठ कार्यकर्ता) शामिल हैं.

