नोहर, 11 जून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हनुमानगढ़ के निर्देशानुसार मुख्य न्यायाधीश अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश सुथार द्वारा सिस्को वेबेक्स मीटिंग ऐप के माध्यम से ऑनलाइन विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। जिसमें उपस्थित उप कारागृह नोहर के बंदी एवं स्टाफ को एसीजेएम रवि प्रकाश सुथार ने नालसा , एसिड अटैक से पीडि़तों हेतु नि:शुल्क विधिक सेवाए योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नालसा एवं रालसा द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नि:शुल्क विधिक सहायता योजना के तहत योग्य पक्षकारों को उनके प्रकरण में नि:शुल्क पैरवी हेतु अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाने के बारे में विस्तार से बताते हुए इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु बंदी जन को प्रेरित किया गया। उन्होंने जमानत के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। ताकि कोई भी बंदी अपने विधिक अधिकारों से वंचित ना रहे। उन्होंने प्रतिकर स्कीम 2011 के बारे में भी जानकारी प्रदान की तथा कोरोना महामारी से बचाव हेतु टीकाकरण कराने हेतु प्रेरित किया। शिविर में 25 बंदी एंव उप कारागृह स्टाफ जुड़े।

