नोहर, 12 जून। कस्बें के नेहरूनगर के वार्ड नं. 38 की पार्षद धापा देवी गोठड़ीवाल के नेतृत्व में वार्डवासियों ने विधायक अमित चाचाण से मिलकर उन्हें वार्ड 38 व 39 की पेयजल समस्या से अवगत कराया व समस्या से संबंधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बताया गया है कि वार्ड नं. 38 व 39 में पेयजल सप्लाई ना के बराबर हो रही है। लाईनों का सही मिलान नही किया गया है। एक वॉल के नीचे काफी कनैक्शन होने से प्रेसर नही बनता। जिससे पानी घरो तक नही पहुंच पाता। इस समस्या के संबंध में कई बार विभाग को अवगत कराया जा चुका है। मगर इस ओर अभी तक कोई ध्यान नही दिया गया है। वार्डवासियों ने शीघ्र इस समस्या के समाधान की मांग की है। ताकि गर्मी के इस मौसम में वार्डवासियों को पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े। ज्ञापन पर करीब सौ से अधिक वार्डवासियों के हस्ताक्षर है। इस मौके पर पूर्व पार्षद महावीर गोठड़ीवाल, राजेन्द्र जांगिड़, पवन, सुन्दर सैनी, कृष्ण गोदारा, हरदत सैनी, अजीज तेली, अकूब तेली, महबूब तेली, श्योकत तेली, चेनू शर्मा, रमेश सैनी, अस्त अली, हनुमान गोठड़ीवाल, मकसूद तेली आदि उपस्थित थे। इसके अलावा ज्ञापन की प्रति जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता को भी दी गई।

