- राजीनामा करवाने के बाद खर्चा-पानी की एवज में मांगी थी रिश्वत, एसीबी हनुमानगढ़ की कार्रवाई
नोहर 2 जून। जिले के खुइयां पुलिस थाना का एएसआई 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते बुधवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के हत्थे चढ़ गया। उसे एसीबी हनुमानगढ़ की टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ट्रेप की इस कार्रवाई को एसीबी बीकानेर एसपी गगनदीप सिंगला व हनुमानगढ़ एएसपी तेजपाल के निर्देशन में अंजाम दिया गया। एसीबी हनुमानगढ़ के पुलिस निरीक्षक सुभाष चन्द्र ने बताया कि परिवादी धर्मपाल (36) पुत्र मनफूलराम जाट निवासी गोरखाना तहसील नोहर के पड़ोसी श्रवण का अपने मामा के साथ पैसे के लेनदेन का विवाद हो गया था। इस विवाद के चलते श्रवण के मामा बलराम ने मारपीट कर श्रवण का हाथ तोड़ दिया। जिसकी पुलिस कार्यवाही का प्रार्थना पत्र परिवादी धर्मपाल की ओर से खुइयां पुलिस थाना में सौंपा गया था। उस पर कार्यवाही होने पर दोनों पक्षों का खुइयां पुलिस थाना में राजीनामा हो गया। राजीनामा भी परिवादी धर्मपाल की ओर से ही लिखा गया था। उस कार्यवाही के लिए खुइयां पुलिस थाना के सहायक उप निरीक्षक पृथ्वीसिंह ने किराए के नाम पर 4500 रुपए ले लिए। फिर एएसआई पृथ्वीसिंह ने परिवादी धर्मपाल से कहा कि उसके कारण राजीनामा हुआ है। खर्चा-पानी के लिए राजीनामा के 10 हजार रुपए श्रवण कुमार से लेकर मुझे और दो। इस पर परिवादी धर्मपाल की ओर से मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हनुमानगढ़ में शिकायत की गई। रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन करवाया गया, जिसमें रिश्वत मांग के तथ्य पाए गए। इस पर बुधवार को एएसआई पृथ्वीसिंह (58) पुत्र उमाराम जाट निवासी सेहवा तहसील राजगढ़ जिला चूरू 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। रिश्वत राशि आरोपी की पेंट से प्राप्त हो गई। ट्रेप की कार्रवाई के बाद पुलिस ने मौके पर ही घंटों कागजी कार्रवाई की। ट्रेप करने वाली टीम में जगदीश राय, राजेश कुमार, वरुण कुमार, विनय विशाल, बजरंग लाल, संदीप कासनिया व हंसराज शामिल थे। एसीबी गुरुवार को आरोपी एएसआई पृथ्वीसिंह को श्रीगंगानगर स्थित एसीबी न्यायालय में पेश करेगी।

