श्रीगंगानगर, 13 मई। कोविड-19 संक्रमण एवं बचाव को लेकर श्रीगंगानगर मुख्यालय के मीडिया कर्मी कई दिनों से कोविड-19 टीकाकरण का अनुरोध कर रहे थे। इसी संदर्भ में गुरूवार को सूचना केन्द्र में लगभग 88 से अधिक मीडिया कार्मिकों का टीकाकरण किया गया। मीडिया कर्मियों ने स्थानीय विधायक श्री राजकुमार गौड़, जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी निवेदन किया था कि कोविड-19 के दौरान दो पत्रकारों का आकस्मिक निधन हो गया, इसी कारण फ्रंट लाईन के रूप में मीडिया कवरेज के लिये लगातार भ्रमण करने के कारण इन्हें टीकाकरण की आवश्यकता थी। गंगानगर विधायक श्री राजकुमार गौड़ ने भी मीडिया कार्मिकों को आश्वस्त किया था कि सभी का टीकाकरण करवाया जायेगा। इसी संदर्भ में सूचना केन्द्र में 88 से अधिक मीडिया कार्मिकों का टीकाकरण किया गया।
वरिष्ठ पत्रकार श्री गोविन्द गोयल ने कहा कि टीकाकरण का कार्य बहुत ही सराहनीय है। मीडिया के कर्मी लगातार क्षेत्रा में घूमते है, ऐसे में संक्रमित होना स्वभाविक है। टीकाकरण होने से मीडिया कर्मी संक्रमित होने से बच सकेंगे। पत्रकार श्री रामकिशन शर्मा ने कहा कि स्थानीय विधायक श्री राजकुमार गौड़ से निवेदन किया था, उन्होंने जिला प्रशासन व चिकित्सा अधिकारियों से बात कर पत्रकारों का टीकाकरण का कार्य करवा दिया है, जिसके लिये वे बधाई के पात्रा है। इसी प्रकार पत्रकार कैलाश दिनोदिया ने बताया कि मीडिया कर्मी एक तरह से फ्रंट लाईन वर्कर के रूप में है तथा वे कोविड चिकित्सालयों, कोविड प्रभावित क्षेत्रा में कवरेज के लिये जाते है, इसलिये इन्हें टीकाकरण की नितांत आवश्यकता थी। श्री दिनोदिया ने स्थानीय विधायक श्री राजकुमार गौड़, जिला प्रशासन व चिकित्सा अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। आरसीएचओ डाॅ. एच.एस.बराड़ ने बताया कि जिला मुख्यालय से अगर कोई पत्रकार वंचित रह गया है तो उनका भी आगामी एक-दो दिन में टीकाकरण स्थल पर बुलाकर टीकाकरण करवा दिया जायेगा।

