रेलवे में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,मास्टरमाइंड अजय की तलाश,3 गिरफ्तार

रेलवे में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,मास्टरमाइंड अजय की तलाश,3 गिरफ्तार
अनेक वारदातों को अंजाम दे चुके है
श्रीगंगानगर,28 मई:उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री आशुतोष गंगल ने बताया कि दिल्ली मंडल के बल्लभगढ़-पलवल सेक्‍शन पर एक सप्ताह के भीतर ओएचई बैलेंस वेट की चोरी की तीन घटनाओं के मद्देनज़र, अपराधियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए वरिष्‍ठ रेलवे पुलिस अधिकारियों की देखरेख में एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया था । टीम ने श्‍वान दस्‍तों और सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद शिवम नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है । इस मामले की सभी पहलुओं से जांच करने का प्रयास किया जा रहा है । गिरफ्तार किए गए आरोपी शिवम ने बताया कि उसने अपने 07 साथियों के साथ मिलकर ओएचई बैलेंस वेट की चोरियां की थीं । ये लोग ओएचई बैलेंस वेट को काटने के लिए हेक्सा ब्लेड का इस्तेमाल करते थे और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकारी और निजी संपत्तियां की चोरी करते थे । आरोपी शिवम के खुलासे पर उसके कब्‍जे से 38 बैलेंस वेट बरामद किए गए । पूछताछ के दौरान आरोपी शिवम ने स्वीकार किया कि उसके गिरोह ने फरीदाबाद / बल्लभगढ़ के सिविल क्षेत्र में चोरी की 70 से 80 वारदातों में शामिल थे और कभी पकड़े नहीं गए ।  उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी  दीपक कुमार द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार एक अन्य घटना में फिरोजपुर मंडल के अधिकार क्षेत्र में अपराध का सक्रिय इतिहास रखने वाले अपराधियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए मंडल पर ‘ऑपरेशन फाइनल काउंट’ शुरू किया गया था जिसमें गिरफ्तार अपराधियों के रिकॉर्ड की ट्रैकिंग और वर्तमान अपराध से उनके लिंक की जांच की गई थी । इसके लिए आईसीजेएस डेटा, पुलिस डोजियर और पूछताछ के दौरान निकाली गई जानकारी का गहराई से विश्लेषण करके तदनुसार कार्रवाई की जा रही है ताकि आपराधिक घटनाओं में जांच के दौरान कोई भी पहलू छूट न जाए ।  एक घटना, जिसमें 21अप्रेल को अज्ञात अपराधियों ने लुधियाना रेलवे स्टेशन आउटर सिग्नल के पास एस एंड टी विभाग की आईबीएस हट की दीवार तोड़कर 08 बैटरियां चुरा ली थी, मामला दर्ज किया गया । इस मामले को सुलझाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया । टीम ने सीसीटीवी फुटेज एकत्र की, सिविल पुलिस के साथ समन्वय किया और खुफिया जानकारी एकत्र करके 02 रिसीवर सहित 05 अपराधियों को पकड़कर चोरी का सारा माल बरामद कर लिया । गिरफ्तार अपराधियों के डेटा के विश्लेषण से पता चला कि वे गिरोह के रूप में काम कर रहे थे और विभिन्न पुलिस स्टेशनों में उनके खिलाफ अनेक मामले दर्ज हैं । इस मामले में सक्रिय अपराध रिकॉर्ड वाले 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है । गिरोह के मास्‍टरमाइंड अजय कुमार की तलाश की जा रही है।