30 मार्च को राजस्थान दिवस पर अनेक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
श्रीगंगानगर, 26 मार्च। जिला कलक्टर श्री महावीर प्रसाद वर्मा ने कहा कि 30 मार्च 2021 राजस्थान दिवस के अवसर पर कोरोना गाईडलाइन की पालना करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान दिवस के सभी कार्यक्रमों में 6 फीट की दूरी, मास्क का उपयोग तथा सेनेटाईजर का उपयोग अनिवार्य रूप से करना होगा।
जिला कलक्टर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाहाॅल में 30 मार्च को राजस्थान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर आयोजित बैठक में आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने बताया कि 30 मार्च को प्रातः 7 बजे मैराथन दौड़ का आयोजन किया जायेगा। मैराथन दौड़ सुखाड़िया सर्किल से रवाना होकर महाराजा गंगासिंह चैक तक पहुंचेंगी। जिला कलक्टर ने मास्क का उपयोग व पर्याप्त दूरी रखने के निर्देश दिये। मैराथन दौड़ में खिलाड़ी, स्काउट, पुलिस के जवान शामिल होंगे। वर्मा ने बताया कि इसी दिन प्रातः महाराजा गंगासिंह चैक पर मास्क वितरण का कार्यक्रम आयोजित होगा। गंगासिंह चैक पर निकलने वाले ऐसे राहगीर, जिनके पास मास्क नहीं है, उन्हें मास्क लगाने के लिये प्रेरित किया जायेगा। इसी दिन सायं इंदिरा वाटिका में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। जिला कलक्टर ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम राजस्थानी थीम पर आधारित होंगे। उन्होंने कहा कि इंदिरा वाटिका में भी मास्क, सेनेटाईजर की पर्याप्त व्यवस्था की जाये।
नगरपरिषद व नगरविकास न्यास अपने-अपने क्षेत्र के चैराहों व राजकीय कार्यालयों में 27 मार्च से 31 मार्च तक लाईटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। धार्मिक स्थलों में भी पूजा अर्चना के कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों में कोरोना गाईडलाइन की पालना आवश्यक रूप से करनी होगी तथा सभी जिला स्तरीय अधिकारी सभी कार्यक्रमों में उपस्थित रहेंगे। पुलिस विभाग द्वारा कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं बनाना, चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा एम्बुलेंस मय चिकित्सक उपस्थित रहेंगे। आयुर्वेद विभाग द्वारा काढ़ा के पाउच वितरित किये जायेंगे।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन भवानी सिंह पंवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहीराम, जिला रसद अधिकारी राकेश सेानी, तहसीलदार संजय अग्रवाल, महिला बाल विकास के विजय कुमार, डाॅ. करण आर्य, उधान विभाग से प्रीति गर्ग, उपनिदेशक आयुर्वेद हरिन्द्र दावड़ा, नगरपरिषद से प्रेम चुघ तथा लक्ष्मीनारायण पारीक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

