नोहर, 2 फरवरी। नोहर नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष पद के लिए नामाकंन भरने का कार्य मंगलवार को पूरा हो गया। नोहर नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष पद के लिये दो नामाकंन दाखिल हुये है।
कांग्रेस की ओर से मोनिका खटोतिया व लवीना वाधवानी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामाकंन पत्र दाखिल किया है। पालिकाध्यक्ष पद का चुनाव 7 फरवरी को नगर पालिका में होगा। प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद परिणाम घोषित किया जाएगा। मोनिका खटोतिया ने विधायक अमित चाचाण, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेन्द्र चाचाण, प्रधान सोहन ढि़ल सहित कई पार्षदों के साथ नामाकंन पत्र दाखिल किया। नोहर नगर पालिका के 40 वार्डो में कांग्रेस पार्टी ने 21 सीटे हासिल कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इसके अलावा चार निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस का समर्थन किया है। जिस कारण कांग्रेस बहुमत के आंकड़े से काफी मजबूत दिखाई दे रही है। कांग्रेस का पालिकाध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। विधायक अमित चाचाण ने बताया कि कुछ एक और निर्दलीय पार्षद भी कांग्रेस के समर्थन में आ सकते है। लवीना वाधवानी ने मदरसा बोर्ड की पूर्व चैयरमेन मेहरूनिशा टाक, भाजपा निकाय चुनाव प्रभारी रतन गणेशगढिय़ा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बसंत तिवाड़ी सहित पार्टी व पार्टी समर्थित पार्षदों की मौजूदगी में नामाकंन पत्र दाखिल किया। कांग्रेस के पास पालिकाध्यक्ष पद के चुनाव में संख्या बल बहुमत से अधिक होने के कारण पालिकाध्यक्ष पद का चुनाव औपचारिकता बनकर रह गया है। नोहर नगर पालिका का अध्यक्ष का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है।