हनुमानगढ़ -(नोहर तेज़) टिब्बी केे डबली खुर्द ग्राम पंचायत के लूणावाली ढाणी में एक पखवाड़े से सेम व बारिश के पानी की निकासी एवं बंद पड़े पम्पिंग स्टेशन शुरु करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे धरनास्थल पर अन्नदाताओं की पीड़ा जानने के लिए बहुजन समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष भगवान सिंह बाबा, प्रदेश प्रभारी अमर सिंह बंशीवाल एवं प्रदेश महासचिव भोलासिंह बाजीगर पहुंचे। इस दौरान डबली कलां, डबली खुर्द, लूणावाली ढाणी, मसीतांवाली गांव के सेम प्रभावित किसानों ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश से किसानों की सैकड़ों बीघा में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई । घरों में लोगों के बारिश के पानी प्रवेश करने से मकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इसलिए पीड़ित अन्नदाता एवं ग्रामीणों की मांग है कि इंदिरा गांधी नहर पर लगाए पम्पिंग स्टेशनों को शुरु किया जाए। साथ ही पम्पिंग स्टेशनों का पूरा व्यय जल संसाधन विभाग वहन करें, सेम व बारिश के पानी की निकासी की जाए तथा फसल खराबे का सर्वे करवाकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। इस मौके पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी ने सेम प्रभावित इलाके का दौरा कर मौक़ा अवलोकन किया और किसानों की पीड़ा जानी । बसपा प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह बाबा ने कहा की टिब्बी इलाके में सेम की समस्या गंभीर है सरकार को इस पर तत्काल ध्यान देकर प्रभावित किसानों को राहत देने चाहिए। उन्होंने बताया की सेम समस्या के निराकरण के लिए बसपा का प्रतिनिधि मंडल जयपुर में राज्यपाल एवं मुख्य सचिव से मिलेगा तथा समस्या के निराकरण के लिए मांग की जाएगी। धरने पर बेठै सेम पीड़ित किसान संघर्ष समिति के किसान नेता रवि खद्दा ने बताया की सेम पीड़ित किसान पिछले एक पखवाड़े से आईजीएनपी की आरडी 20 पर बेमियादी धरने पर बैठे है अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर समस्या का आश्वासन दिया लेकिन समस्या अब भी ज्यो की त्यो बनी हुई हैं। ग्रामीणों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की हैं।

