जिले में जनता को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाएगा प्रशासन

श्रीगंगानगर, 10 सितंबर।(नरेश पारीक) आगामी सोमवार से जिले में जनता को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। 
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला कलक्टर ने सभी एसडीएम, विकास अधिकारी, तहसीलदार, पटवारियों आदि को अपने-अपने क्षेत्र में कोरोना के मामले बढ़ने से रोकने के लिए आगामी सोमवार से 15 दिन का जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश जिला कलेक्टर महावीर प्रसाद वर्मा ने दिए। जिला कलक्टर ने एसडीएम घड़साना, अनूपगढ़, सूरतगढ़ और रायसिंहनगर से बातचीत कर निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में बढ़ते मामलों को रोकने के लिए हर संभव प्रयत्न करें और कन्टेंमेंट जोन बनाएं ताकि जो भी व्यक्ति कोरोना पाॅजिटिव पाए जाते हैं वे होमआइसोलेशन में रहें व गंभीर मामलों को तुरंत इलाज के लिए भर्ती किया जाए। होम आइसोलेशन में रखे गए व्यक्तियों को बाहर घूमने की इजाजत नहीं है, इसकी पालना सख्ती से कराने के लिए सभी पटवारी, ग्राम सचिव आदि का सहयोग लिया जाए।घड़साना के एसडीएम ने बताया कि उनके क्षेत्रा में सरपंच आदि जनप्रतिनिधियों के पाॅजिटिव पाए जाने पर उन्हें होम क्वारंटाइन कर दिया गया है तथा उन्हें कहा गया है कि जब तक ठीक ना हो तब तक बाहर आकर कोई भी बैठक या अन्य किसी भी सार्वजनिक कार्य में हिस्सा न लें।
अभी तक रायसिंहनगर में सबसे कम छह कोरोना पाॅजिटिव केस हैं। जिला कलेक्टर ने एसडीएम रायसिंहनगर की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे भी इस प्रकार कार्य करने के लिए निर्देश दिए कि भविष्य में पंचायत समिति में अधिक प्रकरण ना बढ़ें। जिला कलक्टर  महावीर प्रसाद वर्मा ने कहा कि कोरोना से बचाव के हर संभव प्रयास किए जाने आवश्यक हैं। उन्होंने सभी एसडीएम, नगर पालिका ईओ और विकास अधिकारियों से कहा कि उन्हें पंचायत समितियों, ब्लाॅक, तहसील तथा नगरपालिकाओं में बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाकर जनता को शिक्षित करने का कार्य करना है।
बुधवार को जिले में 87 कोरोना प्रकरण आए थे जिसको लेकर जिला कलक्टर ने सभी एसडीएम और विकास अधिकारियों को पाबंद किया कि वे अपने क्षेत्रों में स्वयं माॅनिटरिंग करें तथा कोरोना मरीजों के क्लोज कांटेक्ट्स को भी तुरंत टेस्टिंग के लिए भेजें।