श्रीगंगानगर।( नरेश पारीक) शनिवार को दिन में दो और कोरोना मरीज सामने आने के साथ ही जिले में अब तक पॉजिटिव की संख्या 139 हो गई है। इनमें तीन की मृत्यु के साथ ही 68 ठीक हो चुके हैं जबकि 68 मरीज अब भी एक्टिव कोरोना पीडि़त हैं। शनिवार को दोनों कोरोना मरीज आने के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक गतिविधियां करवाई। मरीजों को जिला अस्पताल भेजने, सेनेटाइज आदि करवाने के साथ ही आस-पास के लोगों को विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने आमजन से भी अब बेहद सावधानी व सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही बाहरी राज्यों से आने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने एवं स्वयं को होम क्वारेंटाइन करने की अपील की है।
सीएमएचओ डॉ. गिरधारी मेहरड़ा ने बताया कि शनिवार को जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 47, लक्ष्मी नगर एरिया में एक 50 वर्षीय महिला पॉजिटिव आई है। महिला तीन जुलाई को सिरसा किसी रिश्तेदार के यहां गई एवं उसी दिन वापिस लौट आई। दस जुलाई को बुखार होने पर जवाहरनगर एरिया में एक निजी चिकित्सक के पास इलाज के लिए गए, जहां उसे कोरोना जांच के लिए कहा गया। इसके बाद तबीयत बिगडऩे पर 20 जुलाई को सुखाडिय़ा मार्ग स्थित एक डायग्रोस्टिक सेंटर से जांच करवाई एवं 21 जुलाई को जिला अस्पताल में सैंपल लिया। शनिवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, वहीं सीधे संपर्क में आए परिजनों को संस्थागत क्वारेंटाइन किया गया है। मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएमएचओ डॉ. करन आर्य, डॉ. विकास धींगड़ा, सीओआईईसी विनोद बिश्रोई, पीएचएम विक्रम सिंह व अन्य टीम ने यहां सेनेटाइज व अन्य गतिविधियां शुरू करवाई। महिला के घर पर काम करने वाली दो महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। इसी तरह तीन ई छोटी की गली नंबर छह में एक युवक पॉजिटिव आया है। यह युवक दिल्ली में स्टडी करता है और एहतियातन श्रीगंगानगर ही रूका हुआ था। लेकिन अपना कुछ सामान लेने अपने दोस्त के साथ 16 जुलाई शाम को निजी बस से दिल्ली गया एवं अगले दिन ही 17 को वापिस रवाना हुआ व 18 जुलाई को सुबह श्रीगंगानगर पहुंचा। यहां आने के दो दिन बाद कुछ लक्षण लगे तो स्थानीय एएनएम ने इसे सैंपल करवाने का सुझाव दिया, जिस पर सैंपल करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। युवक को भर्ती करवाते हुए सीधे संपर्क में आए परिजनों को संस्थागत क्वारेंटाइन किया गया है, जबकि अन्य को होम क्वारेंटाइन किया गया है। युवक बीते दिनों में करीब 15 लोगों के संपर्क में आया, जिनका अब सैंपल लिया जाएगा। यहां बीसीएमओ डॉ. सुरेंद्र स्वामी व बीपीएम हेमंत कुमार आदि टीम सहित मौके पर पहुंचे।

