भादरा विधायक बलबान पुनिया पार्टी से एक साल के लिए निलंबित

[नोहर तेज़ ] जयपुर राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने पर भादरा विधायक बलवान पूनियां को पार्टी से एक वर्ष के लिए निलंबित कर दिया गया है।
यह निर्णय सोमवार को माकपा की राज्य सचिव मंडल की बैठक में लिया गया। साथ ही पूनियां को नोटिस जारी कर वोटिंग करने का कारण पूछा गया है। इसका जवाब सात दिन में मांगा गया है। राज्य सचिव अमरा राम ने बताया कि प्रदेश में माकपा के दो विधायक हैं। पार्टी ने दोनों विधायकों को राज्य सभा चुनाव में वोटिंग नहीं करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद भादरा विधायक बलवान पूनियां ने 19 जून को राज्य सभा चुनाव में मतदान किया। सोमवार को जयपुर में पार्टी कार्यालय में हुई राज्य सचिव मंडल की बैठक में पूनियां के पार्टी अनुशासन भंग करने पर विचारविमर्श किया। निर्देश के बावजूद वोटिंग करने को सदस्यों ने अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें एक वर्ष के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया। साथ ही पार्टी की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है। बैठक में राज्य सचिव मंडल के सदस्य कामरेड रामेश्वर वर्मा, सुमित्रा चोपड़ा, रविंद्र शुक्ला, किशन पारीक, फूलचंद, दुलीचंद मीणा, श्योपत मेघवाल, वासुदेव आदि मौजूद रहे।