कलेक्टर एसपी पहुंचे नोहर, मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया
नोहर| पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर हैं। इसी कड़ी में जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव तथा जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने शनिवार को नोहर क्षेत्र की रतनपुरा, जसाना एवं फेफाना ग्राम पंचायतों के अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर जिला एवं ब्लॉक निर्वाचन कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। ताकि आवश्यकता पड़ने पर मतदाता और कार्मिक तत्काल संपर्क कर सकें। साथ ही आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए। जिला कलेक्टर एवं एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी सुनीता यादव, तहसीलदार बजरंग लाल, पुलिस उप अधीक्षक सुभाष पूनियां, विकास अधिकारी श्याम सुंदर मूंड, सहायक विकास अधिकारी सुखदेव सिंह, नायब तहसीलदार रामसिंह थालौड़, गिरदावर आनंद कुमार एवं मनोज कुमार सहित संबंधित बीएलओ एवं पटवारी मौजूद रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें