खाद्य सुरक्षा दल की बड़ी कार्रवाई, 714 लीटर तेल-घी सीज
खाद्य सुरक्षा दल की बड़ी कार्रवाई, 714 लीटर तेल-घी सीज
280 लीटर सरसों का तेल और 434 लीटर घी बिक्री से रोका, 69 लीटर कोल्ड ड्रिंक सहित अवधिपार खाद्य सामग्री नष्ट करवाई
नोहर तेज़ डेस्क। दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 29 अक्टूबर को नोहर में खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 714 लीटर सरसों का तेल एवं घी सीज किया गया। वहीं दुकानों पर मिली अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान मैसर्स रामसुख दास पवन कुमार से अनामिका ब्रांड का 280 लीटर सरसों का तेल तथा मैसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से आनन्दा ब्रांड का 434 लीटर घी सीज किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 714 लीटर खाद्य सामग्री को अग्रिम कार्रवाई तक बिक्री एवं उपयोग से प्रतिबंधित किया गया।
मिठाई और नमकीन के नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स नवीन देसी घी से पालीवाल गोल्ड ब्रांड के घी एवं खुले घी के नमूने लिए। मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज से भुजिया एवं सरसों के तेल, श्री चंदगीराम मिष्ठान भंडार से कलाकंद एवं बेसन बर्फी तथा श्री श्याम मावा भंडार से मीठा मावा एवं रसगुल्ला के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।
69 लीटर कोल्ड ड्रिंक सहित 200 पैकेट नष्ट
कार्रवाई के दौरान मैसर्स दिनेश एजेंसी एवं मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज के निरीक्षण में अवधिपार खाद्य सामग्री मिली। दल ने मौके पर ही करीब 69 लीटर कोल्ड ड्रिंक के साथ जीरा, बिस्किट एवं विभिन्न मसालों के लगभग 200 पैकेट नष्ट करवाए। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकिंग और बिक्री में निर्धारित मानकों की पालना करने के निर्देश दिए गए।
त्योहार तक जारी रहेगा अभियान
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचने तथा खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर और निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि का रिकॉर्ड रखने की अपील की। उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग, गुणवत्ता एवं एक्सपायरी डेट की जांच करने का आग्रह किया। विभाग का यह अभियान त्योहार के दौरान भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अर्चना यादव एवं नोहर बीसीएमओ डॉ. मनजीत ढाका मौजूद रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें