पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भरी हुंकार, कार्यकर्ताओं को दिया गया जीत का मंत्र
पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भरी हुंकार, कार्यकर्ताओं को दिया गया जीत का मंत्र
नोहर पंचायत चुनाव को लेकर मंगलवार को रामा मैरिज पैलेस में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। पीसीसी सदस्य राजेंद्र चाचाण ने अध्यक्षता की। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी पहुंचे। बैठक में पंचायत चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए टिकट वितरण को लेकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की गई। जिताऊ उम्मीदवार उतारने पर जोर रहा।
विधानसभा प्रभारी सद्दाम हुसैन ने कहा, भाजपा डर और भय का माहौल बनाकर सत्ता चाहती है। कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा, प्रदेश में अराजकता है। आमजन सरकार की नीतियों से परेशान है। पंचायत चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा, कार्यकर्ताओं की जनभावनाओं के अनुसार जिताऊ, टिकाऊ उम्मीदवारों को टिकट मिलेगा। उन्होंने भाजपा पर मनरेगा जैसी योजना बंद करने का आरोप लगाया। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं बंद करने का भी आरोप लगाया। कहा, भाजपा धनबल से सत्ता हासिल करना चाहती है।
बैठक के बाद ब्लॉक, जोन स्तर पर टिकट को लेकर कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग समूहों में विधायक अमित चाचाण, विधानसभा प्रभारी सद्दाम हुसैन से मुलाकात की। अपनी दावेदारी रखी। इससे पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस में सरगर्मियां तेज होती नजर आईं।
विधायक बोले- पंचायत चुनाव विधानसभा का सेमीफाइनल, धरातल पर जुटें कार्यकर्ता
विधायक अमित चाचाण ने कहा, पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल है। हर कार्यकर्ता कांग्रेस को जिताने के लिए मैदान में उतरे। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा, राजस्थान, हरियाणा, केंद्र में भाजपा की सरकार है। फिर भी क्षेत्र का किसान पानी की बूंद-बूंद को तरस रहा है। सिंचाई पानी नहीं मिल रहा। पीने के पानी के लिए भी हाहाकार है। चाचाण ने निकाय चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। कहा, भाजपा ने चोर रास्ते से सत्ता हासिल की। अब भाजपा वोट चोरी कर रही है। पार्षदों की भी चोरी करने लगी है। उन्होंने कहा, प्रदेश में भाजपा सरकार को बने करीब तीन साल होने को हैं। क्षेत्र में विकास का कोई बड़ा काम नजर नहीं आ रहा। उन्होंने कहा, पंचायत चुनाव में ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं की राय के बाद ही टिकट दिए जाएंगे।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें