हनुमान नगर कॉलोनी को नगर पालिका के अधीन लेने की मांग, ईओ को सौंपा ज्ञापन
हनुमान नगर कॉलोनी को नगर पालिका के अधीन लेने की मांग, ईओ को सौंपा ज्ञापन
सड़क, पार्क और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान हैं कॉलोनीवासी, जल्द विकास कार्य शुरू करवाने की मांग
नोहर तेज़ डेस्क। हनुमान नगर कॉलोनी को नगर पालिका नोहर के अधीन हैंडओवर करवाने तथा कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र सहारण के नेतृत्व में कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका पहुंचकर अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कॉलोनी का शीघ्र हस्तांतरण करवाकर सड़क निर्माण, पार्क विकास और नियमित साफ-सफाई सहित आवश्यक विकास कार्य शुरू करवाने की मांग की गई।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि हनुमान नगर कॉलोनी में सड़क, पार्क और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इसके चलते निवासियों को रोजमर्रा की जिंदगी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों की खराब स्थिति, कीचड़ और नियमित सफाई नहीं होने से आवागमन के साथ-साथ स्वच्छता संबंधी समस्याएं भी बनी हुई हैं।
कॉलोनाइजर की औपचारिकताएं पूरी नहीं होने से अटकी प्रक्रिया
कॉलोनीवासियों का कहना है कि कॉलोनी को नगर पालिका के अधीन हस्तांतरित करने की प्रक्रिया संबंधित कॉलोनाइजर की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं किए जाने के कारण अटकी हुई है। इसका खामियाजा स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि हैंडओवर प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर कर इसे जल्द पूरा किया जाए, ताकि कॉलोनी का योजनाबद्ध विकास हो सके और लोगों को आवश्यक नागरिक सुविधाएं मिल सकें।
पालिका अध्यक्ष और ईओ ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
ज्ञापन के दौरान कॉलोनीवासियों ने अपनी समस्याओं से नगरपालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को अवगत करवाया। इस पर अधिकारियों ने मामले में जल्द उचित कार्रवाई करने तथा कॉलोनी के हैंडओवर की प्रक्रिया को गति देने का आश्वासन दिया।
कॉलोनीवासियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मामले में शीघ्र कदम उठाएगा, जिससे हनुमान नगर कॉलोनी में विकास कार्य शुरू हो सकेंगे और निवासियों को राहत मिलेगी।
इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र सहारण, कृष्ण सहारण, राजेश नाई, हरीश चंद्र शर्मा, मनीष बलारा, श्रवण कुमार सहू, विजेंद्र शर्मा, लेखराम खाती, पवन कुमार सहू, मनोज कुमार और रवि सहारण सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें