सड़क हादसों में घायलों के लिए मददगार बनेगी ‘जीवन रक्षक सेवा संस्थान’
सड़क हादसों में घायलों के लिए मददगार बनेगी ‘जीवन रक्षक सेवा संस्थान’
आर्थिक तंगी के कारण किसी की जान न जाए, जरूरतमंदों को इलाज के लिए मिलेगा सहयोग बालकृष्ण व्यास
नोहर 26 अक्टूबर सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले जरूरतमंद और गरीब परिवारों के लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध करवाने तथा उनके इलाज में आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से नोहर में जल्द ही ‘जीवन रक्षक सेवा संस्थान’ का निर्माण किया गया है। बालकृष्ण व्यास ने बताया कि इस सामाजिक पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण किसी भी जरूरतमंद को बेहतर इलाज से वंचित नहीं रहने देना और संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों का सहारा बनना है।
क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल बड़े अस्पताल में उपचार की आवश्यकता होती है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन समय पर उचित इलाज की व्यवस्था नहीं कर पाते। ऐसे हालात में मरीज और उसके परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी पीड़ा को ध्यान में रखते हुए नोहर में ‘जीवन रक्षक सेवा संस्थान’ स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
संस्थान के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में घायल जरूरतमंद लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने, उन्हें बेहतर उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में मदद करने तथा इलाज के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करने के प्रयास किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों की मदद कर अनमोल जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने के लिए क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, भामाशाहों और दानदाताओं से सहयोग की अपेक्षा की गई है। सामूहिक सहयोग से यह संस्थान सड़क दुर्घटनाओं में पीड़ित लोगों और उनके परिवारों के लिए मददगार साबित हो सकता है।
‘जीवन रक्षक सेवा संस्थान’ की यह पहल मानव सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें