मणप्पुरम गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी में दिनदहाड़े पिस्तौल की नोक पर लूट

मणप्पुरम गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी में दिनदहाड़े पिस्तौल की नोक पर लूट
टाउन में बस स्टैंड की वारदात
हनुमानगढ़। टाउन में बस स्टैंड के गेट पर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन फायनेंस कंपनी में सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद दो नकाबपोश महज 4 मिनट में लूट की वारदात को अंजाम दे भाग निकले। वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि लुटेरे कंपनी कर्मचारियों को पिस्तौल दिखा सोना और नकदी लूटकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी  करवाई लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा। लुटेरों की संख्या तीन बताई जा रही है। एक जना कंपनी कार्यालय के पास बाइक पर बैठा रहा जबकि दो जने सोना और नकदी लूट की वारदात की। हालांकि यह नहीं पता चल पाया था कि कितना सोना और कितनी नकदी लूटी गई है। बदमाश दोपहर 1.47 मिनट पर बैंक में घुसे और लूट के बाद 1.51 मिनट पर निकल गए। जानकारी के अनुसार दो नकाबपोश बदमाशों ने दोपहर में बैंक के चैनल गेट पर पहुंचकर बैल बजाई। भीतर से मोबाइल फोन पर एक कर्मचारी बात करता हुआ आया जिसने चैनल गेट का ताला खोलकर दोनों को भीतर ले लिया और फिर ताला जड़ दिया। ठीक 1.47 बजे दोनों भीतर दाखिल हो गए। दोनों ने वहां पहुंचते ही कर्मचारियों पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। वहां मौजूद कर्मचारी पिस्तौल देखकर घबरा गए। पिस्तौल की नोक पर उन्होंने लॉकर भी खुलवा लिया और गोल्ड लोन शाखा से कैश तथा सोना अपने साथ लाए बैग में भर लिया। इसके बाद ये 1:51 बजे तेजी से बाहर निकल गए। बदमाशों ने शाखा के पास खड़े एक ट्रक के साइड में अपनी बाइक खड़ी कर रखी थी। जिससे ये लोग वहां से चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों तथा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पता चला है कि बदमाशों का एक और साथी था जो बाहर बाइक पर रेकी कर रहा था। बदमाश अपने साथ दो कर्मचारियों के मोबाइल भी ले गए। बैंक के कर्मचारियों के अनुसार मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में पांच कर्मचारियों का स्टाफ है। लूट के समय एक महिला कर्मचारी काम से बाहर गई थी तथा एक कर्मचारी अवकाश पर था। कुल तीन कर्मचारी वहां मौजूद थे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लूट का पता चलते ही शहर में नाकाबंदी करवा दी। टाउन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ के अलावा जंक्शन थाना प्रभारी नरेश गेरा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लेकिन लुटेरों के बारे में कोई खास जानकारी पुलिस को हाथ नहीं लग पाई।