आजादी के अमृत महोत्सव संबंधी बैठक आयोजित
श्रीगंगानगर, 10 मार्च। जिला कलक्टर महावीर प्रसाद वर्मा की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आजादी के अमृत महोत्वस को लेकर बैठक बुधवार को आयोजित की गई। 12 मार्च 1930 को गांधी जी के नेतृत्व में 78 सहयोगियों के साथ दाण्डी से 390 किलोमीटर की यात्रा की गई थी। भारत सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि 15 अगस्त 2022 को स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ है। इसके मध्यनजर भारत सरकार 75 सप्ताह पूर्व व 75 सप्ताह बाद तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगी। राज्य सरकार द्वारा भी इस संबंध में सभी जिला कलक्टर्स को वीसी के माध्यम से निर्देश प्रदान किये गये है।
जिला कलक्टर महावीर प्रसाद वर्मा ने निर्देशित किया कि 12 मार्च शुक्रवार को प्रातः 8 से 10 बजे तक जिला स्तर पर शांति मार्च कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। गांधी स्टैच्यू से यात्रा प्रारम्भ होकर नेहरू पार्क पर समाप्त होगी। इस कार्यक्रम में दाण्डी मार्च की यादगार स्वरूप जिला प्रशासन व गांधी वादी समिति, स्काउट गाईड, श्रमजीवी संस्था, खादी ग्रामोद्योग आदि से 78 व्यक्ति शिरकत करेंगे। जिला कलक्टर ने सभी प्रतिभागियों को खादी या सूती सफेद कुर्तें, पायजामा, सफेद मास्क व गांधी टाॅपी में आने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सामाजिक दूरी की पालना की जाये व मास्क अवश्य पहनें। जिला दर्शन गांधी समिति के जिला संयोजक प्रवीण गौड़ ने आश्वस्त किया कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार समिति के सदस्य निर्धारित वेशभूषा में शामिल होंगे।
जिला कलक्टर वर्मा ने आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कार्यक्रम स्थल पर काढ़ा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। नगरपरिषद द्वारा बैनर, माईक की व्यवस्था के साथ-साथ देशभक्ति के स्लोगन तैयार किये जायेंगे। शहीद दिवस के अवसर पर अहिंसा यात्रा निकाली जायेगी। 23 मार्च को शहीद दिवस के अवसर पर प्रत्येक ब्लाॅक स्तर पर मौन व्रत के साथ अहिंसा यात्रा निकाली जायेगी। 6 अप्रैल को गांधी संस्थाओं का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन जयपुर में होगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन भवानी सिंह पंवार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार मीणा, एसडीएम उम्मेद सिंह रतनू, पेयजल विभाग के अधीक्षण अभियंता बलराम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

