(नोहर तेज़) मंजिल उन्ही को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नही होता, हौसलों से ही उड़ान होती है। यह साबित किया है एक सरकारी स्कूल की छात्रा ने। तहसील के गांव ननाऊ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा अंकिता पारीक पुत्री स्व. बनवारी लाल पारीक ने 12वीं कला वर्ग के घोषित परीक्षा परिणाम में 92 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय के साथ-साथ क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
अंकिता की माता तोपा देवी आंगनबाड़ी में सहायिक के पद पर कार्यरत है। अंकिता के पिता बनवारी लाल पारीक का करीब 12वर्ष पूर्व निधन हो हो गया। माता तोपा देवी के आशीर्वाद व विद्यालय के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन के बदौलत अंकिता ने यह सफलता हासिल की। अंकिता पारीक आरएएस बनना चाहती है। अंकिता की रूचि बैडमिंटन में है। अंकिता ने बताया कि दृढ़ इच्छाशक्ति व मेहनत के साथ किया गया अध्ययन सफलता जरूर दिलाता है। अंकिता ने बताया कि मन में अगर सफलता प्राप्त करने का जज्बा हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। विकट परिस्थतियों में न घबराकर हौसलें के साथ आगे बढऩा चाहिये। मॉ को घरेलू कार्यो में हाथ बटाने के साथ-साथ अंकिता अध्ययन का भी विशेष ध्यान रखती है। वही विद्यालय परिवार ने अंकिता की इस सफलता प्रसन्नता जताते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है। इसके अलावा कक्षा 10वी में अंकिता ने 77 प्रतिशत अंक हासिल किये थे।

