रामसरा में मतगणना पर उठे सवाल, प्रत्याशी शमशाद बेगम ने की दोबारा गिनती की मांग
रामसरा में मतगणना पर उठे सवाल, प्रत्याशी शमशाद बेगम ने की दोबारा गिनती की मांग
नोहर तेज़ डेस्क। ग्राम पंचायत रामसरा (26 एनटीआर) में सरपंच पद के चुनाव की मतगणना को लेकर विवाद गहरा गया है। सरपंच पद की प्रत्याशी शमशाद बेगम ने मतगणना प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त, जयपुर को पत्र भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने तथा मतों की दोबारा निष्पक्ष तरीके से गणना करवाने की मांग की है।
प्रत्याशी शमशाद बेगम का आरोप है कि 5 नवंबर को सरपंच पद के चुनाव के बाद रामसरा स्थित मतगणना केंद्र पर मतों की गिनती के दौरान निर्धारित नियमों और पारदर्शिता का पालन नहीं किया गया। आरोप लगाया कि मतगणना अधिकारियों ने प्रत्याशियों के मतगणना एजेंटों को स्वीकृत एवं निरस्त मतपत्रों को देखने और उनकी जांच करने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया। बार-बार मौखिक निवेदन के बावजूद मतपत्रों का अवलोकन नहीं करवाया गया। आरोप लगाया गया है कि मतों की गिनती मनमाने तरीके से की गई। एकतरफा गणना में डाले गए कुल मतों, निरस्त मतों और प्रत्याशियों को प्राप्त वैध मतों के आंकड़ों का उचित मिलान भी नहीं दिखाया गया। इतना ही नहीं, मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों के एजेंटों को मतों के जोड़-घटाव के लिए कागज, पेन और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करवाई गईं।शमशाद बेगम ने यह भी आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान मौखिक आपत्तियों को गंभीरता से नहीं सुना गया तथा घोषित परिणामों पर प्रत्याशियों की सहमति भी नहीं ली गई। उनका कहना है कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा, जिससे चुनाव परिणाम की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रत्याशी ने राज्य निर्वाचन आयुक्त से मांग की है कि रामसरा मतगणना केंद्र की सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग सहित मतगणना से संबंधित सभी दस्तावेज एवं साक्ष्य तत्काल सुरक्षित करवाए जाएं, ताकि निष्पक्ष जांच में किसी प्रकार की बाधा नहीं आए। साथ ही मतगणना प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच करवाकर नियमों के अनुरूप पुनः मतगणना करवाई जाए।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें