नोहर व पल्लू पंचायत समिति एवं जिला परिषद में जीत के बाद कांग्रेस में जश्न,
नोहर व पल्लू पंचायत समिति एवं जिला परिषद में जीत के बाद कांग्रेस में जश्न, विधायक अमित चाचाण के आवास पर जुटे विजयी प्रत्याशी
अमित चाचाण बोले- महंगाई, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी के खिलाफ जनता ने वोट की चोट से दिया जवाब
नोहर तेज़ डेस्क। नोहर-पल्लू पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को मिले बहुमत के बाद पार्टी में उत्साह का माहौल है। क्षेत्र के सातों जिला परिषद जोन में कांग्रेस की शानदार जीत के बाद शहर से लेकर गांवों तक जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर जीत की खुशी जाहिर की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विधायक अमित चाचाण के आवास पर जमावड़ा लगा रहा। यहां विजयी प्रत्याशियों ने विधायक अमित चाचाण और पीसीसी सदस्य एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र चाचाण से मुलाकात कर जीत की खुशी साझा की।
भाजपा सरकार के खिलाफ जनता ने वोट की चोट की : अमित चाचाण
विधायक अमित चाचाण ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम महंगाई, भ्रष्टाचार, धक्काशाही और वोट चोरी के खिलाफ जनता का फैसला है। भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और अशोक गहलोत के कार्यकाल में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर आमजन को मिलने वाली राहत छीनने का काम किया है। जनता ने अपनी नाराजगी वोट की चोट से जाहिर करते हुए भाजपा की नीतियों को नकार दिया है।
उन्होंने कहा कि सत्ता के घमंड में भाजपा ने आम आदमी से मुंह मोड़ लिया। प्रदेश में किसान परेशान हैं और नहरों में पानी नहीं मिल रहा। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया। जनता को अपने हाल पर छोड़ने का जवाब मतदाताओं ने चुनाव में दिया है।
पीसीसी सदस्य राजेंद्र चाचाण ने कहा कि भाजपा की महंगाई, वोट चोरी और झूठे वादों को जनता पहचान चुकी है। चुनाव परिणामों ने साबित कर दिया है कि ग्रामीण मतदाता सरकार के कामकाज और जनहित के फैसलों के आधार पर अपना निर्णय लेते हैं। इस बार जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताकर पार्टी को मजबूत जनादेश दिया है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बनवारी सुथार और पूर्व कृषि उपज मंडी अध्यक्ष बलवीर सुथार ने कहा कि जिला एवं ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं ने बूथों पर दिन-रात मेहनत की। यह जीत पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीण मतदाताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और मनरेगा से जुड़े फैसलों का असर ग्रामीण गरीब एवं मेहनतकश परिवारों पर पड़ा है। जनता ने चुनाव में इसका जवाब दिया है।
गांवों के विकास को देंगे प्राथमिकता
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता से मिले जनादेश के अनुरूप गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान पार्टी की पहली प्राथमिकता रहेगी।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें