सिद्धमुख फीडर के ग्रुप-A में पानी की कमी, पूरा पानी छोड़ने की मांग को लेकर सिंचाई अधिकारियों ने किया टोहाना दौरा
सिद्धमुख फीडर के ग्रुप-A में पानी की कमी, पूरा पानी छोड़ने की मांग को लेकर सिंचाई अधिकारियों ने किया टोहाना दौरा
350 क्यूसेक के इंडेंट के मुकाबले राजस्थान को मिल रहा मात्र 200 क्यूसेक पानी, आगामी दिनों में आपूर्ति सुधारने का आश्वासन
हनुमानगढ़। सिद्धमुख फीडर के ग्रुप-A में निर्धारित मात्रा से कम पानी मिलने के कारण सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने 23 नवंबर को टोहाना पहुंचकर हरियाणा के सिंचाई अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान राजस्थान की नहरों में निर्धारित इंडेंट के अनुसार पूरा पानी छोड़ने की मांग उठाई गई।
अधीक्षण अभियंता जल संसाधन वृत्त नोहर निरंजन लाल मीणा, अधिशासी अभियंता जल संसाधन खंड भादरा तिलोक चंद टाक एवं सहायक अभियंता दिनेश सिंहमार ने टोहाना पहुंचकर वहां के अधिशासी अभियंता से वार्ता की। अधिकारियों ने बताया कि भादरा क्षेत्र का निर्धारित इंडेंट 350 क्यूसेक है, जबकि काजल हेड से वर्तमान में राजस्थान के लिए केवल 200 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे नहरों का रेगुलेशन प्रभावित हो रहा है और रबी फसलों की बुवाई व शुरुआती सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
टोहाना के अधिशासी अभियंता श्याम धींगड़ा ने बताया कि पटियाला के पास भाखड़ा मेन लाइन ब्रांच पर स्टील का पुल टूटने से टोहाना हेड पर पानी की उपलब्धता कम हुई है। फतेहाबाद ब्रांच में भी वर्तमान में आधी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी एक-दो दिनों में स्थिति सामान्य होने पर राजस्थान की नहरों में निर्धारित मात्रा के अनुसार पानी उपलब्ध करवाया जाएगा।
बैठक में सिद्धमुख एवं नोहर क्षेत्र में करवाए गए कार्यों के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर अधीक्षण अभियंता निरंजन लाल मीणा ने नियमानुसार निरीक्षण करवाकर शीघ्र भुगतान कराने का आश्वासन दिया।
नहरों में पानी चोरी रोकने के लिए विभाग ने पुलिस थाने के सहयोग से गश्ती दल गठित किया है। पानी चोरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज करवाने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने किसानों से पानी चोरी नहीं करने, उपलब्ध पानी का सदुपयोग करने तथा पेयजल के लिए पर्याप्त जल भंडारण सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि आमजन और पशुधन के लिए पेयजल उपलब्धता बनी रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें