बिहानी कॉलेज में 7 दिसंबर को होगी अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, देश-विदेश के विषय विशेषज्ञ और विद्वान होंगे शामिल
बिहानी कॉलेज में 7 दिसंबर को होगी अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, देश-विदेश के विषय विशेषज्ञ और विद्वान होंगे शामिल
नोहर तेज़ डेस्क ।नर्बदा देवी बिहानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नोहर में 7 दिसंबर को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कॉन्फ्रेंस में सामाजिक रूपांतरण, तकनीकी नवाचार और विकास की संभावनाओं पर देश-विदेश के विद्वान और विषय विशेषज्ञ मंथन करेंगे।
कॉन्फ्रेंस का विषय 'भारतीय दृष्टिकोण : सामाजिक रूपान्तरण, तकनीकी नवोन्मेष और विकास के क्षितिज (उत्तर-मानवीय युग में बहुविषयक परिप्रेक्ष्य : परम्परा, प्रौद्योगिकी, रूपान्तरण और नवाचार का अन्वेषण)' रखा गया है। इसका आयोजन भौतिक और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से किया जाएगा।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर सरोज न्यौल ने बताया कि कॉलेज की ओर से यह दूसरी अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही है। इससे पहले गत वर्ष भी महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का सफल आयोजन किया गया था। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय एवं राजस्थान के शिक्षाविदों, प्रोफेसर्स और शोधार्थियों को अपने विचार साझा करने तथा नए शोध और नवाचारों पर चर्चा के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध करवाना है।
कॉन्फ्रेंस में बड़ी संख्या में बाहरी विषय विशेषज्ञों, विद्वानों और अकादमिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर महाविद्यालय स्टाफ और शोधार्थियों में खासा उत्साह है।
शोधपत्र प्रस्तुत करने का भी मिलेगा अवसर
प्राचार्या ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में इच्छुक प्रतिभागी शामिल होने के साथ अपने शोधपत्र भी प्रस्तुत कर सकेंगे। इसमें भाग लेने और शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इच्छुक व्यक्ति कॉन्फ्रेंस के ब्रोशर के माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा अधिक जानकारी और पंजीकरण संबंधी पूछताछ के लिए डॉ. नरेश भारी एवं डॉ. एकता देवी से संपर्क किया जा सकता है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें