रामदेव लाल मिर्च पाउडर की मिसब्रांडिंग, निर्माता कंपनी पर 2 लाख का जुर्माना
रामदेव ब्रांड लाल मिर्च पाउडर की मिसब्रांडिंग पर 3 लाख रुपए जुर्माना
हनुमानगढ़ एडीएम न्यायालय का फैसला, विक्रेता पर 40 हजार, वितरक पर 60 हजार और निर्माता कंपनी पर 2 लाख रुपए की शास्ति
हनुमानगढ़, 24 नवंबर। खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग एवं लेबलिंग नियमों के उल्लंघन के मामले में न्याय निर्णयन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट उम्मेदी लाल मीना ने रामदेव ब्रांड लाल मिर्च पाउडर की मिसब्रांडिंग के मामले में तीन पक्षों पर कुल 3 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। न्यायालय ने विक्रेता, वितरक और निर्माता कंपनी को जिम्मेदार मानते हुए अलग-अलग शास्ति अधिरोपित की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रस्तुत परिवाद के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने हनुमानगढ़ टाउन स्थित मैसर्स फतेगढ़िया मार्ट का निरीक्षण किया था। इस दौरान बिक्री के लिए रखे रामदेव ब्रांड लाल मिर्च पाउडर का संदेह के आधार पर नमूना लिया गया। नमूने को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, बीकानेर भेजा गया, जहां खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट में नमूना मिसब्रांडेड पाया गया।
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित विक्रेता, वितरक एवं निर्माता कंपनी के खिलाफ न्याय निर्णयन की कार्रवाई शुरू की। सुनवाई के दौरान विक्रेता ने अपने जवाब में कहा कि उसने उत्पाद हनुमानगढ़ की रामदेव एजेंसी से खरीदा था तथा खाद्य सामग्री में किसी प्रकार की मिलावट नहीं की थी। वितरक ने भी कंपनी से उत्पाद खरीदकर आगे बिक्री करने की बात कही।
वहीं निर्माता कंपनी मैसर्स रामदेव फूड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद ने अपने बचाव में बताया कि लेबलिंग नियमों में बदलाव के कारण पुरानी मुद्रित पैकेजिंग सामग्री के उपयोग के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से अनुमति प्राप्त की गई थी।
न्यायालय ने मामले में प्रस्तुत दस्तावेजों और साक्ष्यों का अवलोकन करते हुए पाया कि संबंधित खाद्य सामग्री 23 सितंबर 2022 को पैक की गई थी, जबकि उसका नमूना 17 फरवरी 2023 को लिया गया था। निर्माता कंपनी की ओर से पुरानी पैकेजिंग सामग्री के उपयोग की अनुमति का आवेदन 3 मई 2023 को किया गया और अनुमति 22 मई 2023 को प्राप्त हुई। यानी अनुमति नमूना लिए जाने के बाद प्राप्त की गई थी। नमूना संग्रहण से पूर्व अनुमति प्राप्त होने का कोई दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किया गया।
तीनों पक्षों पर अलग-अलग जुर्माना
न्याय निर्णयन अधिकारी ने लैब रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 52 के तहत मिसब्रांडिंग का दोष मानते हुए तीनों पक्षों पर जुर्माना लगाया।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें