पल्लू में दर्दनाक सड़क हादसा: तीन दोस्तों की मौत, चौथा गंभीर घायल
तेज रफ्तार पिकअप ने पैदल जा रहे चार युवकों को पीछे से मारी टक्कर; एक युवक की सात महीने पहले हुई थी शादी
पल्लू (हनुमानगढ़)। हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब किकरालिया गांव से पल्लू स्थित ब्राह्मणी माता मंदिर में दर्शन करने जा रहे चार युवकों को तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर घायल युवक को बीकानेर रेफर किया गया है।
मंदिर दर्शन के लिए पैदल निकले थे चारों दोस्त
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, रामप्रसाद ने बताया कि उनके भतीजे मोहित कुमार (35) अपने दोस्तों अजय, अशोक और रुपेश के साथ 10 अक्टूबर की रात किकरालिया गांव से पल्लू माता मंदिर के लिए पैदल रवाना हुए थे। रात करीब 2:30 बजे झेदासर गांव से निकलते ही तेज रफ्तार पिकअप ने चारों युवकों को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी गंभीर थी कि मोहित, अजय और अशोक की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को पल्लू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रुपेश को बेहतर उपचार के लिए बीकानेर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सात महीने पहले हुई थी अजय की शादी
हादसे में जान गंवाने वाले अजय पुत्र हंसराज सिहाग की शादी करीब सात महीने पहले ही हुई थी। अजय निजी शिक्षक के रूप में कार्यरत था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, अशोक के पिता राजेंद्र सिहाग का करीब एक साल पहले निधन हो गया था। अशोक रावतसर के एक कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रहा था। मोहित कुमार भी पढ़ाई के साथ अपने पिता की दुकान पर हाथ बंटाता था।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था घायल रुपेश
हादसे में गंभीर रूप से घायल रुपेश पुत्र दयाराम पुनिया पढ़ाई के साथ सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। हादसे के बाद उसे बीकानेर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
चारों युवक आपस में दोस्त थे और रात को पैदल ही ब्राह्मणी माता मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। एक ही हादसे में तीन दोस्तों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पल्लू पुलिस ने रामप्रसाद की रिपोर्ट के आधार पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें