वार्ड 38 में पार्क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग
वार्ड 38 में पार्क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग
सेठ राधाकृष्ण मंडा पार्क में घटिया निर्माण का आरोप, तकनीकी जांच करवाने की मांग
नोहर तेज़ डेस्क। नगर पालिका नोहर के वार्ड नंबर 38 स्थित नेहरू नगर के सेठ राधाकृष्ण मंडा पार्क में चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी को लिखित शिकायत देकर निर्माण कार्य की तकनीकी जांच करवाने और खामियां दूर होने तक संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग की गई है।
शिकायत में बताया गया है कि पार्क में करवाए जा रहे निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी कमियां सामने आ रही हैं। पार्क की दीवारों पर पत्थर सही तरीके से नहीं लगाए जाने तथा मॉर्निंग वॉक के लिए बनाए गए ट्रैक में भी खामियां होने का आरोप लगाया गया है। इसके चलते पार्क में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, ट्रैक की स्थिति के कारण बुजुर्गों के गिरने का खतरा बना हुआ है।
तकनीकी जांच करवाने की मांग
शिकायत में नगर पालिका प्रशासन से निर्माण कार्य की तकनीकी जांच करवाकर कमियों को दूर करने तथा आवश्यकता पड़ने पर घटिया निर्माण कार्य को दोबारा करवाने की मांग की गई है। साथ ही कहा गया है कि जांच और गुणवत्ता की पुष्टि होने तक संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोका जाए।
शिकायतकर्ता ने जनहित में मामले की शीघ्र जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि पार्क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पूरा हो सके और आमजन को सुरक्षित सुविधा मिल सके।

