साइड देने के विवाद को लेकर ज्वेलर पर हमला, 15 ग्राम की चेन लूटी
साइड देने के विवाद को लेकर ज्वेलर पर हमला, 15 ग्राम की चेन लूटी
नोहर शहर के पीके ज्वेलर्स के संचालक पटेल सोनी पर दो युवकों ने हमला किया। घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे की है। पटेल सोनी के सिर में चोट आई। घटना के बाद इलाके में चर्चा रही। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार बिहाणी चौक निवासी पटेल सोनी मंगलवार शाम दुकान से बाइक पर घर जा रहे थे। हवाई जहाज वाली हवेली के पास बाइक सवार दो युवकों से साइड देने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ा। युवकों ने गले में पहनी सोने की चेन छीनने की कोशिश की। विरोध पर एक युवक ने लोहे के समान से सिर पर वार किया। पटेल सोनी घायल हो गए। रिपोर्ट में करीब 15 ग्राम वजन की सोने की चेन तोड़कर ले जाने का आरोप है।
मौके पर पहुंचे परिचितों ने बीच-बचाव किया। पटेल सोनी को अस्पताल पहुंचाया। आरोपी मौके से चले गए। थानाधिकारी जगदीश प्रसाद पांडर ने बताया कि घटना सड़क पर साइड देने के विवाद से जुड़ी है। पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि आरोपी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़ गए। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। बुधवार को स्वर्णकार समाज के लोग पुलिस थाने पहुंचे। कड़ी कार्रवाई की मांग रखी। लगातार हो रही चोरी और लूटपाट की घटनाओं पर नागरिकों में नाराजगी है। आमजन और व्यापारियों ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत हो। लोग बिना डर दैनिक काम कर सकें। वारदातों से सुरक्षा की चिंता बढ़ी है। पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। लोगों ने बाजारों, प्रमुख मार्गों, रिहायशी इलाकों में गश्त बढ़ाने की मांग की। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी की मांग रखी। चोरी, लूटपाट समेत आपराधिक घटनाओं की गंभीर जांच की मांग की। आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग भी की।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें