चाय व्यापारियों ने पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया को सौंपा ज्ञापन, मंडी शुल्क से राहत की मांग
चाय व्यापारियों ने पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया को सौंपा ज्ञापन, मंडी शुल्क से राहत की मांग
नोहर। राजस्थान में चाय व्यापार पर कृषि उपज मंडी अधिनियम लागू किए जाने के विरोध में नोहर के चाय व्यापारियों ने पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। व्यापारियों ने चाय व्यापार को कृषि उपज मंडी अधिनियम के दायरे से पूरी तरह बाहर रखने की मांग को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों के अनुसार, वर्ष 2024 में चाय व्यापार पर कृषक कल्याण शुल्क लगाया गया था, जिसे बाद में स्थगित कर दिया गया। अब नोहर कृषि उपज मंडी समिति की ओर से चाय व्यापारियों को दस्तावेज और शुल्क जमा करवाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इससे व्यापारियों में असमंजस और नाराजगी है।
मंडी सचिव से की बात, कार्रवाई नहीं करने का आग्रह
व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने तत्काल नोहर कृषि उपज मंडी समिति के सचिव से दूरभाष पर बात की और चाय व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि इस मामले में जल्द ही मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री से बातचीत कर निर्णय से अवगत करवाया जाएगा।
इस दौरान चाय व्यापार संघ ने पूर्व विधायक मटोरिया का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर चाय व्यापारी किशोरी लाल पारीक, राजेंद्र कंदोई, अजय सरिया, मुन्नालाल जोशी, प्रेम कंदोई और रामदेव तिवारी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें