रात्रि में दो जटिल ऑपरेशन कर बचाई महिलाओं की जान,

रात्रि में दो जटिल ऑपरेशन कर बचाई महिलाओं की जान,
नोहर|राजकीय उप जिला अस्पताल में डॉ. हंसराज शर्मा ने रात्रि दो अत्यंत गंभीर एवं जीवनरक्षक आपातकालीन ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर दो महिलाओं की जान बचाई। चिकित्सकों की तत्परता से यह चुनौतीपूर्ण कार्य हो सका।
जानकारी अनुसार सरिता पत्नी संदीप कुमार निवासी अलयाला (भादरा) तथा पूजा कंवर पत्नी दीपक सिंह निवासी अमरपुरा (राजगढ़, चूरू) गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचीं। जांच में दोनों महिलाओं में रप्चर्ड ट्यूबल एक्टोपिक प्रेग्नेंसी पाई गई, जिसमें गर्भाशय के बाहर फैलोपियन ट्यूब में ठहरा गर्भ ट्यूब फटने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो जाता है और रोगी की जान को तत्काल खतरा उत्पन्न हो जाता है। यह स्त्री एवं प्रसूति रोगों की सबसे आपातकालीन स्थितियों में से एक है। विशेष रूप से पूजा कंवर का पूर्व में सिजेरियन ऑपरेशन हो चुका था तथा उनका हीमोग्लोबिन मात्र 6 ग्राम था। पेट में काफी रक्तस्राव हो चुका था, स्थिति नाजुक थी।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ एवं अस्पताल प्रभारी डॉ. हंसराज शर्मा ने बिना विलंब किए रात्रि में ही आपातकालीन ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। डॉ. हंसराज शर्मा ने बताया कि अस्पताल स्तर पर इस प्रकार की जटिल एवं जीवनरक्षक शल्यक्रियाओं का सफलतापूर्वक होना संस्थान की बढ़ती चिकित्सा क्षमताओं, उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग और टीम भावना का प्रमाण है।