पल्लू धरने के दौरान ब्राह्मण समाज पर की गई टिप्पणी की निंदा — नोहर में ब्राह्मण महासभा की हुई बैठक नोहर, 1 नवम्बर। श्री ब्राह्मण महासभा की बैठक शनिवार को यहां श्री ब्राह्मण संस्कृत महाविद्यालय में महासभा के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र मिश्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पल्लू पुलिस थाना के आगे लगे धरने के दौरान ब्राह्मण समाज पर फेसबुक व वाट्सएप पर अशोभनीय टिप्पणी के मामले को लेकर निंदा की गई। बैठक में समाज के लोगों ने कहा कि धरना स्थल पर ब्राह्मण समाज को टारगेट करके एक नेता द्वारा जो टिप्पणी की गई है वह निंदनीय है। बैठक में एडवोकेट महेश शर्मा ने कहा कि राजनेता, अधिकारी व कर्मचारी को जाति के बंधन में नही बांधा जा सकता। मगर इसके बावजूद भी एक समाज को टारगेट करके आपसी सामाजिक सौहार्द खराब किया जा रहा है। क्षेत्र में आपसी सामाजिक सौहार्द बनाये रखने में सभी का सामूहिक सहयोग जरुरी है। आन्दोलन के दौरान जातिगत टिप्पणी करके किसी की भावना ठेस नही पहुंचाई जाये। बैठक में ओमप्रकाश जोशी, ब्राह्मण महासभा के मंत्री वेद तिवाड़ी, मुकेश मिश्रा, सुशील शर्मा, एडवोकेट आनंद उपाध्याय, प्रदीप शर्मा पत्रकार, कमल कौशिक, राधेश्याम शर्मा, तेज कुमार शर्मा आदि उपस्थित थे। बैठक में उपस्थित सभी जनों ने एक मत से क्षेत्र में आपसी भाईचारा व सौहार्द बनाये रखने के लिये सामाजिक टिप्पणियों से दूर करने की अपील की।