नोहर, 18 सितंबर।(नोहर तेज़) एसीबी बीकानेर ने शुक्रवार को यहां जिला परिवहन कार्यालय नोहर में कार्यवाही करते हुए कार्यालय के सहायक लेखाधिकारी सुरेन्द्र दायमा को पांच हजार की रिश्वत लेते पकड़ा। इसके अलावा टीम ने सह आरोपी यातायात सलाहकार रामकुमार निवासी भांगवा तहसील भादरा को भी गिरफ्तार किया। परिवादी राजेश राज कि शिकायत पर एसीबी बीकानेर टीम नोहर जिला परिवहन कार्यालय में पहुंची। परिवादी कि नोहर जिला परिवहन कार्यालय के सामने ई-मित्र की दुकान है जहां वाहनों के ऑन लाईन चालान भरे जाते है। गत दिनों परिवादी से भूलवंश एक ट्रेक्टर का चालान 19 हजार 850 रुपये का दो बार भर दिया गया। जिसके रिफंड के लिये परिवादी राजेश राज की पत्रावली सहायक लेखाधिकारी सुरेन्द्र दायमा के पास लम्बित थी। उक्त रिफंड राशि परिवादी को दिलाने की एवज में सहायक लेखाधिकारी सुरेन्द्र दायमा द्वारा पंाच हजार रुपये कि मांग कि गई थी। इसके बाद परिवादी राजेशराज ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो बीकानेर में की। जिसके बाद एसीबी टीम ने नोहर पहुंचकर उक्त कार्यवाही को अंजाम दिया। टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजनीश पूनिया, निरीक्षक आनंद कुमार व मनोज कुमार सहित  पुलिस कर्मी शामिल थे।