▪️ऑक्सीजन सिलेंडर हेतु भामाशाह हाजी दाउद के बेटे रफीक मौहम्मद ने पौने तीन लाख रूपए का भिजवाया चैक
▪️उनके प्रतिनिधि दिनेश शर्मा ने जिला कलक्टर नथमल डिडेल को सौंपा चैक
हनुमानगढ़, 28 अप्रैल। कोरोना संकट में जिले के भामाशाह आगे आ रहे हैं। नगर पालिका भादरा के पूर्व चेयरमैन और भामाशाह हाजी दाउद के बेटे रफीक मोहम्मद ने ऑक्सीजन सिलेंडर हेतु पौने तीन लाख रूपए का चैक जिला कलक्टर को भिजवाया। बुधवार को उनके प्रतिनिधि दिनेश शर्मा ने हनुमानगढ़ पहुंच कर जिला कलक्टर को ये चैक सौंपा। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई और भादरा नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी गुरदीप सिंह उनके साथ थे। जिला कलक्टर ने प्रशासन को की गई इस मदद के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में बहुत से भामाशाह हैं जिन्होने संकट की घड़ी में प्रशासन की सदैव मदद की है। उनमें हाजी दाउद साहब का नाम भी प्रमुख रूप से आता है। उनके बेटे ने ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीद को लेकर प्रशासन की मदद की है। साथ ही कहा कि जिले में ऑक्सीजन को लेकर किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। ऑक्सीजन सिलेंडर्स की लगातार व्यवस्था की जा रही है। डीएमएफटी फंड से भी 10 लाख रूपए ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीद को लेकर जारी किए गए हैं। जिले में कोरोना से निपटने के लिए व्यवस्थाएं चाक चौबंद हैं।

